भारतीय नौसेना द्वारा एनसीसी कैडेटों और स्थानीय स्कूलों तथा कॉलेजों के युवाओं के लिए नेवल सेलिंग नोड (NSN), भोपाल में एक जनसंपर्क एवं जागरूकता कार्यक्रम (Outreach Programme) आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को भारतीय नौसेना के साथ संवाद करने तथा नौसैन्य जीवन, समुद्री गतिविधियों, जल कौशल (watermanship) और साहसिक खेलों से अवगत कराना है, साथ ही उनमें अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना को बढ़ावा देना है।
भोपाल के प्रमुख संस्थानों—जैसे आईईएस कॉलेज, प्रेस्टिज कॉलेज, आरएनटीयू, बीएसएस कॉलेज, ओरिएंटल कॉलेज, पीपुल्स कॉलेज, मिलेनियम कॉलेज और चिरायु कॉलेज—के साथ संवाद के माध्यम से लगभग 120 प्रतिभागियों को इस कार्यक्रम में शामिल किया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंतर्गत, प्रतिभागियों को सेलिंग वाटर स्पोर्ट्स पर बुनियादी ओरिएंटेशन प्रदान किया जाएगा। इसके बाद वे 19 से 26 अगस्त तक एनएसएन भोपाल में आयोजित सेलिंग कैंप में भाग लेंगे, जिससे उन्हें नौकायन (sailing) और छोटी नावों के संचालन का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा, तथा उनमें आत्मविश्वास, टीम वर्क, नेतृत्व और साहस की भावना सुदृढ़ होगी।
