एनडीएमसी ने शून्य अपशिष्ट एवं सतत विकास पहल के अंतर्गत चाणक्य रेल एन्क्लेव को अपनी दसवीं ‘अनुपम कॉलोनी’ घोषित किया,

आगामी महीनों में एनडीएमसी का पांच और अनुपम कॉलोनियां विकसित करने का लक्ष्य: एनडीएमसी अध्यक्ष

नई दिल्ली, 12 नवंबर 2026

सतत शहरी जीवनशैली को बढ़ावा देने तथा पर्यावरण संरक्षण में सामुदायिक भागीदारी को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के अध्यक्ष श्री मनोज कुमार द्विवेदी ने आज नई दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित चाणक्य रेल एन्क्लेव में एक शिलापट्ट का अनावरण कर इसे ‘अनुपम कॉलोनी’ घोषित किया। यह घोषणा कॉलोनी में अपशिष्ट प्रबंधन एवं सतत विकास की अनुकरणीय व्यवस्थाओं और प्रयासों को मान्यता प्रदान करती है।

इस अवसर पर बोलते हुए एनडीएमसी के अध्यक्ष श्री मनोज कुमार द्विवेदी ने कहा कि जब किसी कॉलोनी के नाम के साथ ‘अनुपम’ शब्द जुड़ता है, तो इसका अर्थ है कि उस कॉलोनी ने एक अनुकरणीय मानक स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि अनुपम कॉलोनी की अवधारणा के अंतर्गत 100 प्रतिशत कचरा पृथक्करण अनिवार्य है तथा जहां तक संभव हो, कॉलोनी के भीतर ही कचरे से खाद बनाने की व्यवस्था भी की जानी चाहिए।

उन्होंने आगे कहा कि एनडीएमसी इस पहल को लागू करने के लिए रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (आरडब्ल्यूए) के साथ निकट समन्वय में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा, “इस पहल के अंतर्गत हम पहले ही नौ कॉलोनियों को विकसित कर चुके हैं। अब हमने आगामी महीनों में कम से कम पांच और अनुपम कॉलोनियां विकसित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। चाणक्य रेल एन्क्लेव इस नए लक्ष्य के अंतर्गत शामिल की जाने वाली पहली कॉलोनी है।”

अध्यक्ष ने बताया कि नव प्रमाणित कॉलोनी ने निवासियों की सक्रिय भागीदारी से 100 प्रतिशत कचरा पृथक्करण का निर्धारित मानक पहले ही हासिल कर लिया है। उन्होंने स्वच्छता बनाए रखने तथा कॉलोनी को आत्मनिर्भर, जैविक और पूर्णतः हरित आवासीय क्षेत्र में परिवर्तित करने के लिए आरडब्ल्यूए एवं निवासियों द्वारा दिखाई गई विशेष रुचि की सराहना की।

श्री द्विवेदी ने इस पहल के सामाजिक पहलू को भी रेखांकित करते हुए कहा कि परोपकारी गतिविधियां अनुपम कॉलोनी की अवधारणा का अभिन्न अंग हैं। उन्होंने बताया कि जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए निवासियों को प्रेरित करने के उद्देश्य से कॉलोनी में ‘नेकी की दीवार’ बनाई गई है।

इस अवसर पर एनडीएमसी के वित्तीय सलाहकार श्री राकेश कुमार ने विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल आगामी महीनों में भी सफलतापूर्वक जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रयास सतत विकास से जुड़ी गतिविधियों के लिए प्रेरक एवं प्रोत्साहक सिद्ध होंगे, विशेष रूप से तब, जब कॉलोनी के भीतर ही जैविक खाद तैयार की जा रही है।

उन्होंने आगे विश्वास व्यक्त किया कि अपनी ही तैयार की गई जैविक खाद के उपयोग से कॉलोनी शीघ्र ही और अधिक हरित हो जाएगी। उन्होंने कहा कि अगले पांच से छह महीनों के भीतर कॉलोनी को पूरी तरह से हरित आवासीय क्षेत्र में परिवर्तित कर दिया जाएगा।

श्री राकेश कुमार ने इस पहल को एनडीएमसी का एक सराहनीय प्रयास बताते हुए कहा कि स्वयं जैविक खाद तैयार करने और उसका उपयोग करने से कॉलोनी इस दिशा में आत्मनिर्भर बन सकेगी।

एनडीएमसी ने अपने क्षेत्र में अनुपम कॉलोनी मॉडल का विस्तार करने की प्रतिबद्धता दोहराई। इस पहल में 100 प्रतिशत कचरा पृथक्करण, कॉलोनी के भीतर ही जैविक खाद निर्माण, हरियाली को बढ़ावा देने तथा सामुदायिक भागीदारी को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है।

शिलापट्ट अनावरण समारोह चाणक्य रेल एन्क्लेव में आयोजित किया गया, जिसमें स्थानीय रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के प्रमुखों एवं एनडीएमसी के वरिष्ठ अधिकारियों, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता कर्मियों तथा स्थानीय निवासियों ने भाग लिया।

‘अनुपम कॉलोनी’ पहल एनडीएमसी के व्यापक सतत विकास एजेंडे का एक प्रमुख घटक है। इसका उद्देश्य आवासीय क्षेत्रों को आत्मनिर्भर एवं पर्यावरण के प्रति जागरूक समुदायों के रूप में विकसित करना है। इस प्रमाणन के माध्यम से उन कॉलोनियों को मान्यता दी जाती है, जो न केवल वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन पद्धतियों को अपनाती हैं, बल्कि निवासियों के बीच पर्यावरणीय जिम्मेदारी और सक्रिय भागीदारी की संस्कृति को भी बढ़ावा देती हैं।

चाणक्य रेल एन्क्लेव के शामिल होने के साथ ही एनडीएमसी अब तक दस आवासीय क्षेत्रों को अनुपम कॉलोनी के रूप में प्रमाणित कर चुकी है। इनमें जून 2025 में चाणक्यपुरी (डी–1, डी–2 एवं सत्य सदन ऑफिसर्स फ्लैट्स), जुलाई 2025 में भारती नगर, वर्ष 2025 में आराधना (बर्मा शेल कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी लिमिटेड), सितंबर 2025 में बापू धाम, अक्टूबर 2025 में न्यू मोती बाग, फरवरी 2026 में काका नगर, मई 2026 में जोर बाग, जून 2026 में सांगली अपार्टमेंट्स, जून 2026 में गोल्फ लिंक्स तथा नवंबर 2026 में चाणक्य रेल एन्क्लेव शामिल हैं।

एनडीएमसी रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों एवं नागरिकों को सतत अपशिष्ट प्रबंधन पहलों में सक्रिय रूप से भाग लेने तथा स्वच्छ, हरित एवं सतत राजधानी शहर के संकल्प को साकार करने में अपना योगदान देने के लिए निरंतर प्रोत्साहित कर रही है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *