मातर में बाढ़ के बीच फंसे 64 लोगों का सफल रेस्क्यू, 52 बच्चे और 12 स्टाफ सदस्य सुरक्षित निकाले

नाहन, 18 अगस्त । सिरमौर जिला के मातर क्षेत्र में मंगलवार को मूसलाधार बारिश के बीच नदी और पहाड़ी खाले के तेज बहाव से घिरे दो स्कूलों में फंसे 52 विद्यार्थियों और 12 स्टाफ सदस्यों को होमगार्ड के जवानों ने सफल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। प्रशासन और स्थानीय लोगों की तत्परता से सभी 64 लोगों को समय रहते सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार मातर में दो स्कूलों के चारों ओर पानी भरने और नदी तथा पहाड़ी खाले के उफान पर आने से दोनों स्कूलों में 64 लोग फंस गए थे। सूचना मिलते ही जिला उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आपदा प्रबंधन टीम, पुलिस और होमगार्ड जवानों को तत्काल मौके पर भेजने तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।

मौके पर पहुंचे होमगार्ड के जवानों ने तेज बहाव के बीच साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए सुरक्षित रास्ता तैयार किया। इसके बाद राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में फंसे 31 विद्यार्थियों और 10 स्टाफ सदस्यों तथा प्राथमिक विद्यालय के 21 विद्यार्थियों और दो अध्यापकों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला गया।

सुबह से जारी मूसलाधार बारिश और चारों ओर जलभराव के कारण स्थिति काफी चिंताजनक बनी हुई थी। ऐसे में रेस्क्यू ऑपरेशन की सफलता के बाद बच्चों के परिजनों ने राहत की सांस ली। बच्चों के सुरक्षित बाहर निकलने की खबर मिलते ही परिजनों की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े।

स्थानीय लोगों और परिजनों ने समय रहते त्वरित निर्णय लेकर बचाव अभियान शुरू करवाने के लिए जिला प्रशासन की सराहना की। वहीं, तेज बहाव के बीच अपनी जान जोखिम में डालकर बच्चों और स्टाफ सदस्यों को सुरक्षित निकालने वाले होमगार्ड जवानों के साहस और तत्परता की भी जमकर प्रशंसा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *