बलोचिस्तान में पाक सेना के ड्रोन हमले में चार मजदूरों की मौत, सरनान शहर पर विद्रोहियों का नियंत्रण

Balochistan4-laborer-Kill

इस्लामाबाद, 21 अगस्त। पाकिस्तान के बलोचिस्तान प्रांत में सेना के ड्रोन हमले में चार मजदूरों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। इस बीच पाकिस्तान की सेना का बलोचिस्तान के विद्रोहियों के साथ सशस्त्र संघर्ष और तेज हो गया है। विद्रोहियों ने सेना और पुलिस के नियंत्रण से एक शहर को छुड़ाने का दावा किया है।

द बलोचिस्तान पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार ड्रोन हमला गुरुवार शाम मस्तुंग जिले के खड़कोचा के गीत इलाके में गार्डन में किया गया। इस हमले में गार्डन में काम कर रहे चार मजदूरों की मौके पर मौत हो गई और तीन मजदूर घायल हो गए। मृतकों के नाम गुल खान मुघीरी, इमरान, उबैदुल्लाह और जहानजेब अबारो हैं। तीनों घायलों अली रजा मेंगल, नसीबुल्लाह अब्रो और खालिद हुसैन को शहीद नवाब घोस बख्श रायसानी हॉस्पिटल पहुंचाया गया है।

इस बीच बलोच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) के प्रवक्ता जैंद बलूच ने कहा कि गुरुवार को विद्रोहियों ने पशिन के सरनान शहर पर अपना पूरा नियंत्रण कर लिया। पुलिस स्टेशन और सरकारी दफ्तर अब बीएलए के नियंत्रण में हैं। इस दौरान एक पुलिस स्टेशन को विद्रोहियों ने विस्फोटक से उड़ा दिया। रिपोर्ट के अनुसार कल शाम हथियारों से लैस बड़ी संख्या में बलोच स्वतंत्रता सेनानी सरनान में घुसे। सेनानियों ने दो अधिकारियों को भी हिरासत में लेकर बाद में उन्हें छोड़ दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *