जम्मू-कश्मीर की पहली यात्रा पर पहुंच रहे अमेरिकी दूत से मुख्यमंत्री न शिकायत करेंगे, न मांगेंगे समाधान

श्रीनगर, 19 अगस्त । मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बुधवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर से जुड़े मुद्दों को केंद्र सरकार को सुलझाना है न कि वॉशिंगटन को। उन्होंने यूएस राजदूत के साथ होने वाली बैठक में कोई शिकायत न करने की बात कही।

यूएस दूत सर्जियो गोर आज जम्मू-कश्मीर की अपनी पहली यात्रा पर हैं। श्रीनगर में उनकी उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात तय है।

श्रीनगर में मीडिया से बात करते हुए उमर ने कहा कि वह यूएस दूत के साथ जम्मू-कश्मीर और क्षेत्र के हालात पर चर्चा करेंगे लेकिन न तो कोई शिकायत करेंगे और न ही उनसे मुद्दों का समाधान मांगेंगे। उन्होंने कहा कि राजदूत के साथ यह बैठक लंबे समय बाद हो रही है और वह इस बातचीत के लिए उत्सुक हैं। उन्होंने कहा कि `मैं उनकी बात ज़्यादा सुनना पसंद करूंगा लेकिन वह भी सुनने आ रहे हैं। देखते हैं किस तरह की चर्चा होती है।’

मुख्यमंत्री ने सुबह-सुबह श्रीनगर का दौरा किया और इस दौरान कई डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स का जायज़ा लिया। उन्होंने कहा कि ज़्यादातर प्रोजेक्ट्स संतोषजनक ढंग से आगे बढ़ रहे हैं जबकि कुछ को प्रशासन की ओर से अतिरिक्त बढ़ावा देने की ज़रूरत है।

इस बीच, भाजपा द्वारा नियुक्तियों में भ्रष्टाचार के आरोपों पर उमर ने कहा कि पुलिस, क्राइम ब्रांच और एंटी-करप्शन ब्यूरो उनके नियंत्रण में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि अगर सच में भ्रष्टाचार हुआ है तो जांच होनी चाहिए, मामला दर्ज किया जाना चाहिए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *