ईरान ने इराक के एरबिल में कुर्द ठिकानों पर मिसाइलें और ड्रोन दागे, केडीपीआई के लड़ाकों को निशाना बनाया

इरबिल (कुर्दिस्तान) बगदाद, 12 अगस्त । ईरान ने बुधवार को इराक के एरबिल के कुर्द ठिकानों पर मिसाइलें और ड्रोन दागे हैं। हमले में ईरान विरोधी कोमाला पार्टी और कुर्दिस्तान डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ ईरान (केडीपीआई) के लड़ाकों को निशाना बनाया गया। ईरान केडीपीआई को अपना कट्टर दुश्मन मानता है। ईरान सरकार के दबाव और सैन्य हमलों के कारण केडीपीआई को अपने मुख्य ठिकाने ईरान से बाहर स्थानांतरित करने पड़े हैं।

इराक की समाचार एजेंसी शफाक, कुर्द समाचार प्लेटफॉर्म रुदाव और अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार इराक के कुर्दिस्तान क्षेत्र की राजधानी एरबिल के उत्तर में अलग-अलग इलाकों में दागे गए चार अज्ञात ड्रोन क्रैश हो गए। इनमें किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। एक ड्रोन का मलबा सोरान जिले के बीचों-बीच एक आम नागरिक के घर पर गिरा। दो अन्य ड्रोन खलीफान जिले के एक गांव के पास क्रैश हुए। चौथा ड्रोन हरिर उप जिला की पहाड़ी पर गिरा। इससे झाड़ियों में आग लग गई।

कोमाला के पदाधिकारी अमजद हुसैन ने बताया कि इससे पहले ईरान ने मंगलवार को अलामा घाटी इलाके में समूह के मुख्यालय पर हमला किया। इसमें दो सदस्य मामूली रूप से घायल हो गए और परिसर को नुकसान पहुंचा। इराक के अर्ध स्वायत्त कुर्दिस्तान क्षेत्र के प्रधानमंत्री मसरूर बरजानी ने कहा कि यह हमले या तो सीधे ईरान से या फिर इराक के अंदर मौजूद कुछ मिलिशिया गुटों ने किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *