दुर्गापुर कोकोवेन थाने की पुलिस ने की गांजा तस्करी की कोशिश नाकाम

पश्चिम बर्दवान, 10 अगस्त। दुर्गापुर कोकोवेन थाने की पुलिस ने गांजा तस्करी की एक बड़ी कोशिश को नाकाम करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 53 किलो 237 ग्राम गांजा बरामद किया है। आरोपितों की पहचान नरहरि विशाल (46), उपेंद्र प्रधान (38) और चंद्रकांत नायक (32) के रूप में हुई है। तीनों ओडिशा के निवासी बताए जा रहे हैं।

पुलिस को सूचना मिली कि सोमवार दोपहर करीब एक बजे के बीच तीनों बस से ओडिशा से दुर्गापुर के सुकुमार नगर के समीप पचाखाल इलाके में पहुंचे थे। यहां गांजा को आगे पहुंचाने की तैयारी की जा रही थी। कोकओवन थाना प्रभारी अंजन मंडल के नेतृत्व में विशेष टीम ने तत्काल इलाके में निगरानी बढ़ाते हुए संदिग्धों को घेर लिया। गतिविधियां संदिग्ध पाए जाने पर तीनों को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।

पुलिस का कहना है कि समय रहते की गई कार्रवाई से गांजा बाजार तक पहुंचने से पहले ही जब्त कर लिया गया। अब जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसकी डिलीवरी कहां होनी थी। पुलिस तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। तीनों को मंगलवार को आसनसोल अदालत में पेश किया जाएगा।—————

संतोष विश्वकर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *